बेतुल
बैतूल सिकल सेल मरीजों के घर-घर पहुंची आयुष औषधि, जिले में शुरू हुई नई पहल
आयुष की एड-ऑन थेरेपी से सिकल सेल मरीजों में जागी नई उम्मीद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिले में आयुष विभाग द्वारा सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित रोगियों को पूरक आयुर्वेदिक औषधियों का व्यापक वितरण किया गया। आयुक्त के आदेश के बाद जिला स्तर पर कलेक्टर बैतूल की अध्यक्षता में सिकल सेल एनीमिया समन्वय समिति बनाई गई, जिसमें लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला पंचायत और नगरीय प्रशासन विभाग को सदस्य बनाया गया।
आदेशों के अनुपालन में जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर की अध्यक्षता में सिकल सेल यूनिट गठित की गई और डॉक्टर सरिता डेहरिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। जिले के सभी 10 ब्लॉकों में चिकित्सा अधिकारियों को नोडल बनाया गया, ताकि कार्यों की सूक्ष्म निगरानी की जा सके। सिकल सेल रोगियों की सूची सीएमएचओ कार्यालय से प्राप्त की गई।
आयुष विभाग ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से चिन्हित उन सभी सिकल सेल रोगियों तक औषधियां पहुंचाईं, जो पहले से एलोपैथिक उपचार ले रहे हैं। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा भेजी गई ये औषधियां मानक संचालन प्रक्रिया (एस ओ) के तहत घर-घर जाकर वितरित की गईं। औषधि वितरण की जानकारी संचालनालय को हर 15 दिन में भेजी गई। औषधि के साथ रोगियों को योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान और सरल योग क्रियाओं की जानकारी भी दी गई।
– 722 रोगियों को दी आयुर्वेदिक एड-ऑन थेरेपी
10 से 13 नवंबर तक विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिनमें आए 722 रोगियों को आयुर्वेदिक एड-ऑन थेरेपी दी गई। गर्भवती सिकल सेल रोगियों की जांच और प्रबंधन के लिए 18 नवंबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम रखा गया था।
जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर ने स्वयं फील्ड में जाकर निरीक्षण किया और औषधि वितरण की समीक्षा की। भीमपुर और भैंसदेही ब्लॉक में लक्ष्य कम रहने पर अतिरिक्त अधिकारियों की नियुक्ति की गई। सीएमएचओ बैतूल से प्राप्त कुल 1238 सिकल सेल रोगियों की सूची के आधार पर आयुष विभाग की टीम ने घर-घर पहुंचकर सभी मरीजों को आयुर्वेदिक औषधियां वितरित कीं।




