असम

असम के मंत्री कौशिक राय की तीनसुकिया में बहु-विभागीय समीक्षा बैठक

जीएनबी मार्ग पर नए सजावटी स्ट्रीट लाइट्स का उद्घाटन। 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

असम सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण व ग्राहक परिरक्षण, सहकारिता तथा गृह-निर्माण व नगर विकास मंत्री कौशिक राय ने बुधवार को दिन भर की कार्यक्रमावली के तहत तीनसुकिया जिले में विभिन्न नगर पालिकाओं के विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। तीनसुकिया जिलाधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में हुई बैठक में सभी नगरपालिकाओं के कार्यकारी अधिकारी अपने-अपने नगर पालिकाओं के कर संग्रह, ट्रेड लाइसेंस निर्गमन तथा स्वच्छ भारत मिशन सहित चल रहे विकास कार्यों की स्थिति पेश की। मंत्री राय ने नगरपालिकाओं के महापौरों व पदाधिकारियों से आमने-सामने विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर स्थिति समझी। गृह एवं नगर परिकल्पना विभाग के अंतर्गत जिले में चल रही योजनाओं, पाइपलाइन व नाले के कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। नगर व ग्राम योजना विभाग के संयुक्त संचालक विश्वजीत भुइयां ने तीनसुकिया विकास प्राधिकरण द्वारा तैयार मास्टर प्लान, शहरी नियोजन, तथा भूमिसंपदा के बदले विकास अधिकार प्रमाण पत्र (Development Rights) से सम्बंधित बिंदुओं पर प्रकाश डाला। नाली-नरिदम विभाग के कार्यकारी अभियंता तपन कुमार शर्मा ने शहर की नालियों और ड्रेनेज योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया। मंत्री ने बरसात के दौरान उत्पन्न कृत्रिम बाढ़-जनित समस्याओं से निपटने के लिए विभागों को त्वरित, सुविचारित योजना के साथ काम करने के निर्देश दिए और शहर की साफ-सफाई बनाए रखने हेतु चल रहे प्रयासों व आ रहे चुनौतियों पर भी चर्चा की। खाद्य व सार्वजनिक वितरण विभाग की अन्नसेवा योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए मंत्री ने 10 अगस्त से विशेष तौर पर सब्सिडीयुक्त चीनी व दाल वितरण की तैयारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र लाभार्थियों को खाद्य सामग्री समय पर मिले।धान क्रय केंद्रों के माध्यम से कितने किसान लाभान्वित हुए, इस पर विभागीय अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर किसानों को धान विक्रय हेतु आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये गए। मंत्री ने उत्पादन के उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए विभागीय प्रयासों को जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही, सहकारिता विभाग के अंतर्गत सहकारी समितियों के पंजीकरण व उनकी गतिविधियों का भी आकलन किया गया और इन समितियों से कितने लाभार्थी जुड़े हैं इसकी जानकारी ली गई। बैठक में डिब्रूगढ़ विधायक प्रशांत फुकन, तीनसुकिया विधायक पुलक गोहांई, गृह व नगर परिकल्पना विभाग की आयुक्त सचिव कविता पद्मनाभन, नगर प्रशासन निदेशक टोंकेश्वर दास, खाद्य विभाग के आयुक्त हेमंत भुइयां , असम फूड व असम मिलिट्री सप्लाई निगम के संयुक्त सचिव पारिजात भुइयां , तीनसुकिया नगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष काजल गोहांई, कई नगर प्रमुख व जिला विकास आयुक्त जावेद अरमान उपस्थित थे। बैठक के उपरांत मंत्री कौशिक राय ने पंद्रहवें वित्त आयोग के अंतर्गत जीएनबी मार्ग पर डिवाइडर पर स्थापित द्वि- और त्रि-भुज आकृति वाले सजावटी स्ट्रीट लाइटों का शुभ उद्घाटन किया। मंत्री ने कहा कि ये स्ट्रीट लाइटें शहर को प्रकाशित करने के साथ-साथ सौंदर्य वृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button