
नगर पालिका से लेकर मुख्य बाजारों तक लहराया तिरंगा, राष्ट्रप्रेम से सराबोर दिखा नजीबाबाद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
नजीबाबाद। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार की सुबह नजीबाबाद नगर पालिका परिषद की और से एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष इंजीनियर मुअज़्ज़म के नेतृत्व में सुबह लगभग 9 बजे नगर पालिका परिसर से शुरू हुई यह विशाल तिरंगा यात्रा पूरे नगर में राष्ट्रभक्ति का संदेश देती हुई विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर पालिका कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा नगर पालिका परिषद से प्रारंभ होकर चौक बाजार, कल्लूगंज, जगन्नाथ चौक, अजमल खान रोड, राजो का चौराहा, डबल फाटक, नई तहसील, अम्दुखान चौक होते हुए पुनः नगर पालिका परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं, कर्मचारी और नागरिक देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। रैली के दौरान पूरा नगर तिरंगामय दिखाई दिया और लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं तालियों के साथ प्रतिभागियों का स्वागत किया।
तिरंगा रैली का नेतृत्व कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष इंजीनियर मुअज़्ज़म ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं बल्कि देश के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
रैली में नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मुक्ता सिंह, उपजिलाधिकारी (एसडीएम), थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ), नगर पालिका परिषद का समस्त स्टाफ तथा नगर के अनेक सम्मानित एवं जिम्मेदार नागरिक मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया।
इसअवसर पर एमजीएम इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की ओर से लगभग 150 फीट लंबे तिरंगे के साथ आकर्षक यात्रा निकाली, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। वहीं नवाब नजीबुद्दौला गर्ल्स इंटर कॉलेज की जूनियर एवं सीनियर विंग की छात्राओं और शिक्षकों ने भी लगभग दो 150-150 फीट लंबे तिरंगों के साथ भव्य तिरंगा यात्रा में भाग लिया। छात्राओं के अनुशासित कदम, हाथों में लहराता विशाल तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। मार्ग में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रैली का स्वागत किया। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इस भव्य आयोजन ने नगरवासियों में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल किया तथा युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विशेष व्यवस्थाएं कीं। शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई इस तिरंगा यात्रा ने नजीबाबाद में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का माहौल और अधिक उल्लासपूर्ण बना दिया।



