पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने सुनीं जनसमस्याएं, क्षेत्रीय विकास के लिए निरंतर प्रयास का दिया भरोसा
Former Minister Alamgir Alam listened to public grievances and assured continued efforts for regional development.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं ग्रामीण विकास विभाग के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने शनिवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के संग्रामपुर, कुमारपुर, नरोत्तमपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर आम जनता एवं ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। दौरे के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने आलमगीर आलम का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। जनसंपर्क कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में विशेष उत्साह का माहौल रहा। अपने संबोधन में आलमगीर आलम ने क्षेत्र की बिजली, स्वास्थ्य, पेयजल, चापाकल, सड़क तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने संबंधित समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर समाधान कराने का भरोसा भी दिलाया। पूर्व मंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों एवं आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को पूर्व मंत्री के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव सेमिनुल इस्लाम, जिला अध्यक्ष कुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद उर्फ बकुल, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज, पर्यवेक्षक देबू विश्वास, असद हुसैन, जिला महासचिव अब्दुल बसीर शेख, महिला जिलाध्यक्ष शहनाज बेगम, युवा जिला अध्यक्ष बिलाल शेख, मिर्जहन विश्वास, रामविलास महतो, मुखिया मुजीबुर रहमान, जलालुद्दीन शेख, पियारूल इस्लाम, सोशल मीडिया चेयरमैन शाहिद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।



