ललितपुर

अग्निशमन स्मृति दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि

एसपी मो. मुश्ताक ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को फायर स्टेशन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक, एएसपी कालू सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी तवारक हुसैन सहित अन्य पुलिस एवं फायर सर्विस कर्मियों ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शहीदों को पुलिस गार्द द्वारा शोक-शस्त्र कर सलामी दी गई तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को पिन फ्लैग लगाए तथा वाहनों पर लगाने हेतु स्टीकर व पम्पलेट वितरित किए। एसपी मो. मुश्ताक ने कहा कि अग्निशमन कर्मी अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की रक्षा करते हैं और उनका बलिदान समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी को कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीदों के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
अग्नि सुरक्षा सप्ताह में निकाली गई जागरूकता रैली
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत आमजन को आग से बचाव एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने के लिए रैली का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने अग्निशमन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जहां अग्नि सुरक्षा से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से स्कूलों, संस्थानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलायी गई। इस दौरान नागरिकों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपाय, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन एवं आपातकालीन स्थिति में सतर्क रहने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही गैस सिलेंडर, विद्युत तारों एवं ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन सेवा एवं पुलिस को सूचना दें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button