गोड्डा
उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय रमला के छात्रों का औद्योगिक भ्रमण
अदानी पावर प्लांट मोतिया में लिया व्यावहारिक ज्ञान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय रमला के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत अदानी पावर प्लांट, मोतिया का औद्योगिक भ्रमण किया। इस अवसर पर छात्रों को विद्युत उत्पादन प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, आधुनिक तकनीक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षक नीरज कुमार सिंह एवं मो. शकील अहमद छात्रों के साथ उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन व अध्ययन की दृष्टि से मार्गदर्शन प्रदान किया। अदानी फाउंडेशन की ओर से अनुराग राकेश की देखरेख में छात्रों को पावर प्लांट के विभिन्न इकाइयों का अवलोकन कराया गया तथा तकनीकी कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया गया। छात्रों ने विद्युत उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया को नजदीक से देखकर उत्साह प्रकट किया और प्रश्न–उत्तर सत्र के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस औद्योगिक भ्रमण से छात्रों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ी और कक्षा में पढ़े गए सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहार में समझने का अवसर मिला।विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और अदानी फाउंडेशन व पावर प्लांट प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।



