
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। जिले की कोटकासिम तहसील के ग्राम रानियावास में एक बुजुर्ग गौ माता के निधन पर ग्रामीणों ने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पूरे सम्मान और विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया। गौ माता की शवयात्रा गांव के गलियारों से धूमधाम से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
किसान महापंचायत खैरथल–तिजारा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि गांव निवासी अजीत चौधरी के यहां पाली गई बुजुर्ग गाय ने आज अंतिम सांस ली। इसके पश्चात परिवार सहित पूरे गांव ने गौ माता का अंतिम संस्कार सामूहिक रूप से और सम्मानपूर्वक करने का निर्णय लिया।
गांव की महिलाओं ने गौ माता को चुनड़ियां ओढ़ाईं और पारंपरिक श्रद्धा के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर डीजे के साथ शवयात्रा निकाली गई। शवयात्रा के बाद श्री श्री 1008 स्वामी बाबा हरिदास मंदिर के पास गहरा गड्ढा खोदकर मंत्रोच्चार के बीच समाधि दी गई। गड्ढे में समुचित मात्रा में नमक डालकर धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर पूरा गांव उपस्थित रहा और ग्रामीणों ने इसे पुण्य कार्य बताते हुए स्वयं को धन्य महसूस किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन समाज में गौ संरक्षण और करुणा की भावना को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायक उदाहरण है।



