
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान ADM को सौंपा ज्ञापन…
हापुड़ (यूपी) – हापुड़ में महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी का हल्ला बोल प्रदर्शन।सपाईयों से पुलिस की जमकर नोकझोंक हुई । कलेक्ट्रेट जा रहे सपा के कार्यकर्ताओं को हापुड नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष चौहान ने रोका। रोके जाने पर सपाइयों ने किया जोरदार हंगामा । सिलेंडर के दाम बढ़ने पर सपा का हापुड डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन हुआ ।
हापुड़ में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपर लीक के विरोध में जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान हापुड नगर कोतवाली पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर समेत तीन पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया, हालांकि बढ़ते विरोध को देखते हुए बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। कार्यकर्ताओं ने सपा के पार्टी कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ भैंसा-बुग्गी के साथ एक अनोखा मार्च निकाला। उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाए और अपनी मांगों को उजागर किया। पुलिस द्वारा जुलूस को रोकने का प्रयास करने पर कार्यकर्ताओं और हापुड पुलिस के बीच कुछ देर के लिए नोकझोंक भी हुई। बाद में, प्रशासन और पार्टी नेताओं के बीच हुई बातचीत के बाद कार्यकर्ताओं को जिला मुख्यालय तक पहुंचने की अनुमति दे दी गई।
सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से आम जनता, किसान, व्यापारी और युवा सभी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने खेती और परिवहन की लागत बढ़ा दी है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ रही है। गुर्जर ने सरकार पर जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता संजय सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और धांधली का माहौल है।



