
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। पत्नी की कथित बेवफाई से आहत एक पिता ने दिल दहला देने वाला कदम उठाते हुए अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने तीन भावुक वीडियो बनाकर अपनी बहन को भेजे, जिनमें उसने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई है।
गत शुक्रवार दोपहर मोहल्ला खेलकला निवासी सलमान (38 पुत्र शफीक) अपनी बेटियाँ महक (12), शिफा (5) और बेटे आयान (3) व आठ माह की इनायशा को लेकर घर से निकला। उसने बहन गुलिस्ता से कहा कि वह बच्चों के साथ लुधियाना काम पर जा रहा है, लेकिन वह सीधे यमुना ब्रिज पहुंच गया।वहीं उसने बच्चों को समोसे खिलाए और पुराने पुल के किनारे बैठकर तीन वीडियो रिकॉर्ड किए। इन वीडियो में सलमान ने रोते हुए कहा, “हम सब मर जाएंगे… मेरी मौत की वजह मेरी पत्नी और उसके प्रेमी हैं।इसके कुछ ही देर बाद उसने पहले अपनी दोनों बेटियों को यमुना नदी में फेंका, फिर दो छोटे बच्चों को गोद में लेकर खुद भी छलांग लगा दी। बताया जाता है कि करीब 14 वर्ष पूर्व सलमान की शादी खुशनुमा पुत्री मुनव्वर निवासी अजीजपुर (झिंझाना) से हुई थी। शादी के बाद चार बच्चों का जन्म हुआ, लेकिन पत्नी के कथित अवैध संबंधों ने परिवार को तोड़ दिया।
———
तीन वीडियो में छलका सलमान का दर्द
पहली वीडियो (46 सेकंड) “मुझे मौत का फैसला लेना पड़ा क्योंकि सात महीने से इस औरत ने मेरी जिंदगी तबाह कर दी है… बच्चों के लिए कोई उम्मीद नहीं बची थी।कोई औरत ऐसा न करे इस लिए मैन पांच जिंदगियां खतरे में डाली ।
दूसरी वीडियो (2 मिनट 46 सेकंड): इस वीडियो में सलमान अपनी बड़ी बेटी महक से सवाल करता है।“बेटी, हमारी मौत का जिम्मेदार कौन है?” फिर खुद ही बोला— “तेरी अम्मी, साबिर, हारून, इन्तिज़ार, इस्तिखार और अंजुम… जिन्होंने सात महीने से हमारी जिंदगी खराब कर रखी है।
—–
तीसरी वीडियो (38 सेकंड) “अब्बा, अगर मुझसे कोई गलती हुई हो तो माफ कर देना… दिल में आपके लिए बहुत इज्जत है।सभी मुझे मेफ कर देना।
——-
परिवार में मचा कोहराम
सलमान तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। बहन गुलिस्ता से उसका गहरा लगाव था। उसने आखिरी समय में वीडियो भी उसी को भेजी थीं। छोटा भाई अफ़सरून (26) सदमे में है, जबकि पिता शफीक यमुना किनारे अपने बेटे और पोते-पोतियों के शवों की प्रतीक्षा में बैठा है, जो रो-रोकर बेहाल हैं।
——-
शवों की तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोर
शनिवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में कोहराम मच गया। एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज और एएसपी शामली संतोष सिंह मौके पर पहुंचे। पीएसी फ्लड ग्रुप व निजी गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन 24 घंटे पहले डूबे पांचों शवों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
——
तीन घंटे की देरी पर उठे सवाल
घटना स्थल यमुना ब्रिज पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर है, फिर भी पीएसी फ्लड टीम को बुलाने में करीब तीन घंटे की देरी हुई। एएसपी ने मौके पर पहुंचकर नाराजगी जताई,जिसके बाद फ्लड ग्रुप की टीम मौके पर पहुंची,जिन्हें तुरंत तलाशी अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
—- —-
बहन का दर्द: “भाई का घर उजड़ गया”
गुलिस्ता ने बिलखते हुए बताया कि भाभी के गलत आचरण ने उसके भाई का घर उजाड़ दिया। “तीन साल से उसने भाई को मां-बाप और हम सब से दूर कर दिया था। पहले वह पानीपत में सिलाई का काम करता था, फिर लुधियाना चला गया था। दो दिन पहले ही वह मेरे पास आया था। एक दिन पहले उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ बच्चों को छोड़कर चली गई, तभी से वह बहुत परेशान था,जिसके बाद उसके यह खौफनाक कदम उठाया है।



