ललितपुर

एआई समिट मामला

उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव ऋतिक शुक्ला को दिल्ली पुलिस ने दी क्लीन चिट

9 दिन बाद हुए रिहा, आज पहुंंचेंगे ललितपुर
ललितपुर। दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव ऋतिक शुक्ला, जिन्हें क्षेत्र में मोंटी के नाम से भी जाना जाता है, को एआई समिट मामले में निर्दोष पाते हुए रिहा कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल जांच टीम (एसआईटी) ने नौ दिनों तक चली गहन पूछताछ और मामले की बारीकी से जांच करने के बाद उन्हें क्लीन चिट दे दी है। मोंटी शुक्ला को सोमवार, 2 मार्च की शाम हिरासत से मुक्त किया गया।
विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में हुई थी कार्रवाई
गौरतलब है कि 20 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस जांच कर रही थी। इसी मामले में संदेह के आधार पर दिल्ली पुलिस ने 22 फरवरी को ऋतिक शुक्ला को उनके गृह जनपद ललितपुर से हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों और विशेष टीम ने उनसे विस्तार से सवाल-जवाब किए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
जांच के दौरान मोंटी शुक्ला के खिलाफ कोई भी पुख्ता सबूत या दोष सिद्ध नहीं हो सका। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही उनके परिजनों और समर्थकों ने राहत की सांस ली है। बता दें कि उनकी गिरफ्तारी के बाद से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी रोष था। 26 फरवरी को ललितपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी रिहाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था और राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार को सौंपा था।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button