सेवा का अधिकार सप्ताह- दूसरे शिविरों में नागरिकों को मिला त्वरित और सहज सेवा लाभ
Right to Service Week – Citizens get quick and easy service benefits in other camps

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। राज्य सरकार द्वारा आयोजित “सेवा का अधिकार सप्ताह” के दूसरे दिन जिले के विभिन्न पंचायतों और नगर परिषद वार्डों में शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं और प्रमाण पत्र सेवाओं का त्वरित, सरल और सुलभ लाभ प्रदान किया गया। अमड़ापाड़ा प्रखंड के बोहड़ा पंचायत, पचुवाड़ा पंचायत, हिरणपुर प्रखंड के बरमसिया पंचायत, बड़तल्ला पंचायत, महेशपुर प्रखंड के रोलाग्राम पंचायत, तेलियापोखर पंचायत, सीलमपुर पंचायत, बड़कियारी पंचायत, बाबूदाहा पंचायत, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के तालपहाड़ी पंचायत, बड़ासरसा पंचायत एवं नगर परिषद के वार्ड नंबर 2, 3 एवं 4, झिकरहाटी पश्चिमी, सीतापहाड़ी, नसीपुर, मालपहाड़ी व चेंगाडांगा में लगे शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा ऑन-द-स्पॉट आवेदन स्वीकार किया गया तथा पात्र लाभुकों को आवश्यक सेवाएँ और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गये। हिरणपुर प्रखंड में आयोजित शिविर का परियोजना निदेशक (आईटीडीए) अरुण कुमार एक्का ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में मौजूद स्टॉलों का अवलोकन करते हुए लाभुकों की समस्याओं, आवेदन प्रक्रिया तथा त्वरित सेवा वितरण की स्थिति की समीक्षा की। वहीं महेशपुर प्रखंड में आयोजित शिविर का निरीक्षण अपर समाहर्ता द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र एवं कंबल का वितरण कर योजनाओं के लाभ को समयबद्ध ढंग से पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। नागरिकों ने सीधे अधिकारियों को आवेदन एवं शिकायतें सौंपीं, जिससे मामलों के त्वरित निष्पादन में सहूलियत हुई। वरीय अधिकारियों ने कहा कि “राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में सभी सरकारी सेवाएँ पारदर्शी, त्वरित और सुलभ रूप से उपलब्ध हों। सेवा का अधिकार सप्ताह इसी प्रतिबद्धता को धरातल पर साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।



