पाकुड़िया में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर”
Meeting of BJP workers in Pakuria, emphasis on strengthening the organization at the booth level.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में फूलझिझरी पंचायत के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विजय भगत ने की, जिसमें संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में युवा मोर्चा अध्यक्ष संजीव भगत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा अमित भगत, निताय दास, जलेशरी मुर्मू, सुशील मुर्मू, जलेश्वरी मुर्मू सहित कई सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन को और प्रभावी बनाने को लेकर अपने विचार साझा किए। अपने संबोधन में मंडल अध्यक्ष विजय भगत ने पंचायत स्तर पर बूथ कमेटियों को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती जमीनी स्तर से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया, ताकि आम जनता के बीच पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके। बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने और संगठन विस्तार में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।



