
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत एक विद्यालय परिसर में सोमवार को विभिन्न हिंदू समाज की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठंडारडीह गांव में एक व्यक्ति के घर पर हुई तोड़फोड़ की घटना समेत क्षेत्र में हाल के दिनों में सामने आए विवादों पर चर्चा की गई। संगठन के सदस्यों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कुरुवा हटिया में एक व्यक्ति द्वारा हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद हिंदू संगठनों की ओर से स्थानीय प्रशासन को आवेदन दिया गया था। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की बात कही गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक अन्य व्यक्ति की कथित टिप्पणी को लेकर बड़ी संख्या में लोगों के उनके घर पहुंचने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी सोशल मीडिया टिप्पणी पर आपत्ति होने की स्थिति में कानून का सहारा लेना चाहिए। किसी व्यक्ति के घर पर भीड़ के साथ पहुंचकर तोड़फोड़ करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कर रहा है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन की ओर से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
वहीं बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। हिंदू समाज की भावनाओं से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। किसी भी विवाद का समाधान कानून और प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से होना चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं आपसी भाईचारा बना रहे।
घटना को 36 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर स्थानीय हिंदू संगठनों में काफी रोष है। संगठन के सदस्यों का कहना है कि मामले में शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। बैठक के बाद सभी हिंदू संगठन के सदस्य विद्यालय परिसर से मौन धारण कर फ्लैग मार्च करते हुए मुख्य मार्ग से हाई स्कूल स्थित योग मैदान तक पहुंचे। इस दौरान प्रशासन से दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई करने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की गई।




