हापुड़

मेहनत का जश्न : 198 छात्राओं को मिला सम्मान….

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़ (यूपी)- हापुड के श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज में रविवार को वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. कामाक्षी वशिष्ठ (चिकित्साधिकारी, मुरादाबाद) एवं विशिष्ट अतिथि मशहूर व्यापारी और समाजसेवी सचिन सिंघल द्वारा मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्रावास की छात्राओं ने मधुर गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाली 198 छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जबकि वहीं कक्षा 12 की छात्रा आफ्या सैफी को विद्यालय में प्रवेश लेने के बाद से एक भी दिन अनुपस्थित न रहने के अद्वितीय रिकॉर्ड के लिए विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
“कुछ किये बिना ही जय-जयकार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” इन पंक्तियों को चरितार्थ करने वाली कक्षा में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रत्येक कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र के साथ 1100 रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई।
विद्यालय की 25 छात्राओं को एसजीएफआई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने पर सम्मानित किया गया। विद्या भारती खेलों में अंडर-11 वर्ग की छात्रा अक्षी त्यागी ने 100 मीटर, 200 मीटर और रिले दौड़ में तीन स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अलावा एसजीपी में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली पांच छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
कक्षा तीन की छात्रा हरगुन को सभी सेक्शन में प्रथम आने और एसजीपी में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर दो पुरस्कार मिले, जबकि कक्षा पांच की दिविता को सभी सेक्शन में प्रथम आने और शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए दोहरे सम्मान से नवाजा गया। विभिन्न रचनात्मक क्षेत्रों जैसे रंगोली, कन्याभारती, हेल्थ एंड वेलनेस व पेंटिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन छात्राओं को विद्यालय की ओर से साइकिल प्रदान की गई, जिससे उनके आवागमन में सुविधा हो सके। अतिथियों ने अपने संबोधन में छात्राओं को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विद्यालय की अध्यक्षा पूनम अग्रवाल, व्यवस्थापिका स्वाति गर्ग, विजेंद्र माहेश्वरी, मुकेश तोषनीवाल, रेखा जैन, सुरेश जैन एवं कुलदीप कसाना सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में व्यवस्थापिका स्वाति गर्ग ने छात्राओं को असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यालय का पूरा कार्यक्रम प्रधानाचार्या मीनाक्षी यादव के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button