दुमका में निर्माणाधीन ट्राइबल म्यूजियम का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
Deputy Commissioner inspects under-construction Tribal Museum in Dumka; target set for completion by November 2026.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शनिवार को निर्माणाधीन ट्राइबल म्यूजियम का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधियों ने उन्हें परियोजना की वर्तमान स्थिति और निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ट्राइबल म्यूजियम का निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह म्यूजियम झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत, संस्कृति, परंपराओं एवं इतिहास के संरक्षण और प्रदर्शन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को आदिवासी समाज की सांस्कृतिक धरोहर और इतिहास से परिचित होने का अवसर मिलेगा। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश देते हुए कहा कि नवंबर 2026 तक निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि यह महत्वाकांक्षी परियोजना जल्द ही आमजन को समर्पित की जा सके।



