शामली
पत्नी ओर दो बेटियों के हत्यारे पर पुलिस ने लगाई रासुका
गांव के व क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने की थी फांसी की मांग

गांव गढ़ी दौलत में ग्रामीणों ने निकाला था कैंडल मार्च
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में पत्नी व दो बेटियों की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन अवैध तमंचे दस जिंदा व सात खोखा कारतूस बरामद किए थे। आरोपी की जमानत डालने के विरोध में सैकड़ों लोगों ने निकाला कैंडल मार्च निकालकर फांसी की मांग की थी। पुलिस ने आरोपी पर रासुका की कार्रवाई की है।
थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी फारूख ने अपनी पत्नी ताहिरा की बिना बुर्का पहनकर अपने घर चले जाने से नाराज़ होकर नौ दिसंबर की रात्रि को गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोली की आवाज सुनकर 14 वर्षीय बेटी आफरीन की आंख खुल गई थी। फारूक ने अपनी बेटी आफरीन को भी गोली मार दी थी, जैसे ही आफरीन को गोली मारी तो आठ वर्षीय सहरीन की भी आंख खुल गई थी। आरोप है कि फारूक ने सहरीन की भी गला दबाकर हत्या कर दी थी, और तीनों शवों को घर के आंगन में खोदे गए सेफ्टी टैंक में डालकर मिट्टी डाल दी थी और ऊपर से ईंटें बिछा दी थी। कई दिन बीत जाने के बाद परिवार को शक हुआ तो परिवार के लोगों ने फारुख से पत्नी और बच्चों के बारे में पूछताछ की थी। फारूक ने बताया था कि उसने अपनी पत्नी और बच्चों को कोतवाली क्षेत्र के गांव लिलोन में किराए के मकान में रख रखा है। फारूक अपने परिवार के लोगों को लेकर लिलोन पहुंचा तो वहां कुछ नहीं मिला था। देर शाम को फारुख के पिता दाऊद ने फारूक पर पत्नी व दो पोतियों की हत्या करने का शक जताते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को जानकारी देकर फारुख को हिरासत में ले लिया था और कड़ाई से पूछताछ की तो फारुख टूट गया था। फारूक ने पुलिस को बताया था कि उसने पत्नी सहित दो बेटियों की हत्या कर घर के आंगन में बने सेफ्टी टैंक में दबा रखा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सेफ्टी टैंक की खुदाई कराई थी। सेफ्टी टैंक के अंदर से पुलिस ने तीनों शवों को बरामद कर पीएम के लिए भेज दिया था। मौके पर मृतक महिला के परिजन भी आ गए थे। जिन्होंने जमकर हंगामा किया था। सूचना पर एसपी एनपी सिंह भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से तीन अवैध तमंचे दस जिंदा कारतूस और सात खोखा कारतूस बरामद किए थे। पुलिस ने मृतक महिला ताहिरा के पिता आमिर अहमद पुत्र जमील अहमद निवासी गांव नरा थाना मंसूरपुर की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को जेल भेज दिया था। घटना को लेकर महिलाओं तथा लड़कियों में भय व आतंक तथा पुरुषों में आक्रोश की भावना पैदा हो गई थी। परिजनों ने आरोपी की जमानत के लिए याचिका दायर की थी। मृतका के परिजनों गांव व क्षेत्र के सैकड़ों लोग गांव गढ़ी दौलत में आरोपी फारुख की जमानत डालने के विरोध में कैंडल मार्च निकालकर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई तथा आरोपी को फांसी दिए जाने की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा था। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए रासुका की कार्रवाई की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि हत्यारोपी फारूख पर रासुका की कार्रवाई की गई है। ऐसे लोगों पर हुई कड़ी कार्रवाई से समाज के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा।



