विज्ञान प्रदर्शनी में आईजीएम इंटर कॉलेज ने हासिल किया प्रथम स्थान।
40 से अधिक विद्यालयों ने लिया हिस्सा, मानव सुरक्षा मॉडल को निर्णायकों ने सराहा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। संकल्प शिक्षा सेवा उत्थान समिति शामली की ओर से बीएसएम पब्लिक स्कूल में आयोजित तृतीय विज्ञान प्रदर्शनी-2026 में सिंगरा स्थित इंदिरा गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज ने जिले के 40 से अधिक विद्यालयों को पीछे छोड़ते हुए सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय के छात्रों ने मानव सुरक्षा मॉडल प्रस्तुत कर निर्णायकों की प्रशंसा बटोरी।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक प्रसन्न चौधरी और विशिष्ट अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंच संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ. अजय चौधरी ने किया। समिति के संस्थापक सुनील अरोरा ने अतिथियों का पुष्पमाला और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।
प्रदर्शनी में 40 से अधिक विद्यालयों के छात्रों ने जूनियर और सीनियर वर्ग में विभिन्न विज्ञान मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। सीनियर वर्ग में इंदिरा गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज ने मानव सुरक्षा मॉडल प्रस्तुत किया। छात्रों ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी की स्थिति की समय रहते सूचना मिलने पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष सेफ्टी बॉक्स तैयार करने की परिकल्पना की गई है।छात्रों ने बताया कि अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की घटना से प्रेरित होकर उन्होंने इस मॉडल पर काम किया। उनका उद्देश्य विमान दुर्घटनाओं में यात्रियों की सुरक्षा के लिए नई तकनीक की संभावना तलाशना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जयकरण अंसल और उप प्रधानाचार्य विजय कुमार अंसल ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए मॉडल की सराहना की। छात्रों के मार्गदर्शन और तैयारी में सहयोग करने वाले शिक्षक शौर्य अंसल के प्रयासों की भी सराहना की गई।


