अमरोहा में बकरीद का त्योहार

133 मस्जिदों और 104 ईदगाहों में नमाज अदा की, प्रशासन ने की ड्रोन से निगरानी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमरोहा : बकरीद का त्योहार शांति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिले की 133 मस्जिदों और 104 ईदगाहों में नमाज अदा की गई। नए लिबास में लोग इत्र की खुशबू के साथ ईदगाह और स्थानीय मस्जिदों में पहुंचे नमाज के बाद देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी। सुबह से ही घरों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया। लोग एक-दूसरे के घरों में मिलने भी गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले में भारी पुलिस बल के साथ पीएसी के जवान तैनात रहे। धनौरा रोड पर मोहल्ला इस्लाम नगर की ईदगाह और जामा मस्जिद समेत आसपास की मस्जिदों में शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की गई।
प्रशासन ने नमाज के सुरक्षित संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किए। हर जगह सुरक्षा बलों की निगरानी रही। डीएम निधि गुप्ता, एसपी अमित कुमार आनंद और एएसपी अखिलेश भदौरिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को बकरीद की मुबारकबाद दी। इस दौरान ड्रोन से भी निगरानी की गई।



