भरत पुर

हरे पेड़ों पर धड़ल्ले से चल रही आरी, वन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

बेबर-सैंधली सहित कई गांवों में अवैध आरा मशीनों के संचालन का आरोप, सीज होने के बाद फिर घूमने लगते हैं मशीनों के पहिए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

भुसावर (भरतपुर)। एक ओर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से पौधारोपण को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर भुसावर-वैर उपखंड क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों की कटाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र में संचालित आरा मशीनों पर हरी लकड़ियों के ढेर लगे होने की शिकायतों के बीच वन विभाग की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
क्षेत्र के ग्रामीणों एवं वन प्रेमियों का आरोप है कि भुसावर, वैर और हलैना क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना वैध अनुमति के आरा मशीनों का संचालन किया जा रहा है। इन मशीनों पर प्रतिबंधित एवं हरे वृक्षों की लकड़ी की कटाई और चिराई होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध लकड़ी कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
विशेष रूप से हलैना थाना क्षेत्र के गांव बेबर में आधा दर्जन से अधिक आरा मशीनें संचालित होने तथा कई लकड़ी के कारखाने चलने की शिकायतें हैं। वहीं गांव सैंधली में भी लकड़ी के कथित अवैध कारोबार को लेकर वन प्रेमियों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार कुछ कारखानों में आधुनिक मशीनों से लकड़ी की चिराई की जा रही है। यहां शीशम, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों की लकड़ियों का भंडारण होने और लकड़ी व फर्नीचर की आपूर्ति दूसरे क्षेत्रों तक किए जाने की बात भी सामने आई है।
कार्रवाई के बाद फिर चलने लगते हैं आरा मशीनों के पहिए
सबसे गौरतलब पहलू यह है कि स्थानीय वनकर्मियों की ओर से इन कथित अवैध एवं अनधिकृत आरा मशीनों के खिलाफ कई बार कार्रवाई कर उन्हें सीज किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन कुछ दिनों बाद ही मशीनों का संचालन दोबारा शुरू हो जाता है। ऐसे में विभागीय कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वन प्रेमियों ने आरोप लगाया कि बार-बार कार्रवाई के बावजूद मशीनों का फिर से संचालित होना कहीं न कहीं विभागीय निगरानी की कमी अथवा जिम्मेदारों की मिलीभगत की आशंका पैदा करता है। हालांकि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
100 से अधिक अवैध आरा मशीनों की शिकायत
वन प्रेमियों के अनुसार भरतपुर जिले में 100 से अधिक अवैध आरा मशीनें संचालित होने की शिकायतें हैं। इनमें हलैना, भुसावर और वैर क्षेत्र में सर्वाधिक मशीनें होने का दावा किया जा रहा है। बेबर, वाई, भूतौली, सरसैना, तिलचिवी, पथैना, सैंधली, अलीपुर, नैवाड़ा, भुसावर, सिरस, वारौली, वैर, समराया, हतीजर और न्यामदपुर सहित अनेक गांवों में 25 से अधिक आरा मशीनों के संचालन की जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि हरे पेड़ों की कटाई और अवैध आरा मशीनों के संचालन को लेकर कई बार वन मंत्री, जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। वन प्रेमियों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की हरियाली और प्राकृतिक संपदा को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
जांच के साथ जिम्मेदारी भी हो तय
क्षेत्र के वन प्रेमियों एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग के उच्चाधिकारियों से भुसावर-वैर-हलैना क्षेत्र में संचालित सभी आरा मशीनों की अनुमति और दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व में सीज की गई मशीनों के दोबारा संचालन के मामलों की भी जांच कराई जाए। लकड़ी के भंडारण, परिवहन और हरे पेड़ों की कटाई में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि यदि विभागीय स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button