पोड़ैयाहाट राइस मिल का डीसी ने किया औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा : पोड़ैयाहाट प्रखंड अंतर्गत अनीता राइस मिल का उपायुक्त के द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान राइस मिल संचालक द्वारा खरीफ वर्ष 2023-24 व 2024-25 में किए गए उठाव के संबंध में जानकारी ली गई। वहीं उपायुक्त के द्वारा धान के संबंध में जानकारी लेते हुए राइस मिल परिसर एवं गोदाम में भंडारित धान का भौतिक सत्यापन कर मिल संचालक को 2023-24 व 2024-25 के धान को अलग और व्यवस्थित गणना योग्य स्टैकिंग कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में राइस मिल के संचालक को चावल आपूर्ति में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने मिलों में तैयार हो रहे चावल के स्टॉक की समीक्षा की और भंडारण व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने पैक्स के माध्यम से धान की उपलब्धता में आ रही कठिनाइयों की भी पड़ताल की और समन्वय बनाकर समस्या का शीघ्र समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं को समयबद्ध तरिके से संपन्न किए जाएं। इस मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उप समाहर्ता गोड्डा, श्रवण राम, अनीता राइस मिल के संस्थापक सहित अनीता राइस मिल के कर्मीगण मौजूद थे।
