शामली
यमुना में कूदे मेडिकल छात्र का तीन दिन बाद भी सुराग नही, तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। यमुना नदी में कूदे हरियाणा के समालखा निवासी बीएएमएस के छात्र हिमांशु का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नही लग सका है। युवक आत्महत्या के इरादे से यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित पुल से यमुना में कूद गया था। विगत शनिवार को हरियाणा के जनपद पानीपत के कस्बा समालखा की पंचवटी कॉलोनी निवासी हिमांशु(20) बॉर्डर पर स्थित ब्रिज से यमुना नदी में कूद गया था। युवक के आत्महत्या के इरादे से यमुना में छलांग लगाए जाने की आशंका है। नदी में कूदने से पूर्व युवक ने अपने परिजनों व दोस्तों को लोकेशन भी शेयर की थी। उसने ब्रिज पर खड़े बच्चों को अपना मोबाइल व टेबलेट देकर नदी में कूदने की वीडियों बनाने को कहा था। युवक हिमांशु बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी(बीएएमएस) का छात्र था। वह यमुनानगर जिले में स्थित चौधरी देवीलाल आयुर्वेद कॉलेज से बीएएमएस कर रहा था। घटना के बाद से ही युवक की तलाश जारी है। पीएसी व प्राइवेट गोताखोर यमुना में सर्च अभियान चलाए हुए है। विगत रविवार को एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज ने भी यमुना नदी पर पहुंचकर सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को भी युवक की तलाश में यमुना में सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि शाम तक भी युवक का कोई सुराग नही लग पाया। वहीं, यमुना ब्रिज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई अशोक कुमार ने बताया कि यमुना नदी में कूदे युवक की तलाश में पीएसी व प्राइवेट गोताखोरों ने मोटरबोट के साथ में सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता हाथ नही लगी।


