कॉन्टिनेंटल टायर कंपनी ने 300 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, सपा विधायक ने उठाई आवाज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मोदीपुरम स्थित कॉन्टिनेंटल टायर कंपनी द्वारा अचानक अपना प्लांट बंद किए जाने से लगभग 300 कर्मचारियों की नौकरी चली गई। इससे आक्रोशित कर्मचारियों ने कंपनी गेट पर प्रदर्शन किया, जिसमें सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने भी पहुंचकर समर्थन जताया।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी रिटायरमेंट लाभ और पूर्व सूचना के नौकरी से बाहर कर दिया गया। वेतन भुगतान में भी अनियमितताओं की बात सामने आई है। इस मामले में उप श्रम आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है। विधायक अतुल प्रधान ने कंपनी के निर्णय को ग़लत ठहराते हुए कहा कि कर्मचारियों को कम से कम दो से तीन माह का वेतन अवश्य दिया जाना चाहिए।
कुछ कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी के साथ हुए एग्रीमेंट अंग्रेज़ी भाषा में थे, जिनकी जानकारी उन्हें स्पष्ट रूप से नहीं थी। वहीं कुछ ने कंपनी के अधिकारियों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया। मामले की सूचना मिलते ही पल्लवपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत करते हुए कर्मचारियों को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी।
कंपनी की सफाई
कॉन्टिनेंटल टायर कंपनी के अधिकारियों ने कहा है कि भारत में ट्रक और बस रेडियल (टीबीआर) टायर निर्माण लाइन को बंद करने का निर्णय लिया गया है, जिसके चलते मेरठ प्लांट को भी बंद किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए की गई है।
कंपनी ने कहा कि वह पूर्व कर्मचारियों की चिंताओं को समझती है और उनके साथ संवाद के लिए तैयार है। कंपनी नेतृत्व की ओर से कहा गया कि परिवर्तन की इस प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और संवाद बनाए रखने के लिए कर्मचारी, प्रतिनिधि और प्राधिकरणों के साथ खुले रूप से बातचीत की जाएगी।
फिलहाल श्रमिक संगठन और स्थानीय जनप्रतिनिधि इस मुद्दे को लेकर कंपनी और प्रशासन से ठोस कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।

