गढ़ मेले में हुड़दंग मचाने वालों पर हापुड़ पुलिस का बड़ा एक्शन, चार ट्रैक्टर सवार गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित गढ़ मेले के दौरान सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ हापुड़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुड़दंग करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मेले में अव्यवस्था फैलाने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।
हापुड़ पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराध की रोकथाम और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस को गढ़ मेले में कुछ युवकों द्वारा ट्रैक्टर पर सवार होकर हुड़दंग करने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गढ़ चौपला के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से संबंधित सोनालिका ट्रैक्टर को भी मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के अंतर्गत सीज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने और आमजन को परेशानी में डालने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मेरठ जनपद के रहने वाले हैं चारों आरोपी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र नानक निवासी ग्राम ततीना, थाना मवाना, जनपद मेरठ, शुभम पुत्र अरुण निवासी ग्राम पनवाड़ी, थाना दौराला, जनपद मेरठ, सागर पुत्र संजीव निवासी मोहल्ला दौलतराम कॉलोनी, करवा, थाना दौराला, जनपद मेरठ तथा आदर्श पुत्र संजीव निवासी मोहल्ला दौलतराम कॉलोनी, करवा, थाना दौराला, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सख्त
गढ़ गंगा मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्क है। ऐसे में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई को पुलिस की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने और आमजन को परेशान करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
हापुड़ पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और किसी भी तरह की अव्यवस्था पर प्रभावी अंकुश लगाना है।



