पेपर देने निकले भाई-बहन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव जैतपुर से भाई बहन एक युवक और युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पीड़ित पिता ने थाना बाबूगढ़ पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव जैतपुर निवासी केशव पुत्र राजपाल सिंह ने 18 नवंबर 2026 को थाना बाबूगढ़ में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका पुत्र यतीन कुमार, जिसकी उम्र करीब 20 वर्ष है और पुत्री करुणा चौधरी, जिसकी उम्र करीब 23 वर्ष है, 17 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 8:30 बजे घर से निकले थे। दोनों गाजियाबाद जनपद में एमएमएच कॉलेज चौधरी मोड़ के पास पेपर देने जाने की बात कहकर घर से गए थे।
परिजनों को उम्मीद थी कि दोनों परीक्षा देकर वापस घर लौट आएंगे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों को चिंता सताने लगी। उन्होंने अपने स्तर से रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी जुटाई तथा संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन दोनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद परेशान पिता केशव ने थाना बाबूगढ़ पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रपट संख्या 53, दिनांक 18 नवंबर 2026 को गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस की ओर से दोनों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी सज्जन व्यक्ति को यतीन कुमार या करुणा चौधरी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना हाजा को सूचित करें, ताकि दोनों को सकुशल परिजनों तक पहुंचाया जा सके।



