हापुड़ में गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल
मुस्लिम युवकों ने हिंदू व्यक्ति का कराया अंतिम संस्कार....

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) : हापुड़ जिले से सांप्रदायिक सौहार्द और इंसानियत की एक सराहनीय तस्वीर सामने आई है। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला कोटला सादात में मुस्लिम समुदाय के युवकों ने एक हिंदू व्यक्ति का अंतिम संस्कार कर गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश की है ।
जानकारी के अनुसार , अर्जुन नामक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। अर्जुन का परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से मुस्लिम बहुल इलाके में अकेला हिंदू परिवार के रूप में रह रहा था। हादसे के बाद जब अंतिम संस्कार की व्यवस्था को लेकर कठिनाई सामने आई, तो मोहल्ले के मुस्लिम युवकों ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभाली ।
मुस्लिम युवकों ने न सिर्फ मृतक के शव को कंधा दिया, बल्कि पूरे सम्मान के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार भी कराया। इस दौरान इलाके में भाईचारे और मानवता की भावना साफ तौर पर देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुख की इस घड़ी में धर्म नहीं, बल्कि इंसानियत सबसे बड़ी पहचान होती है।



