जालौन
आग पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक गौरी शंकर वर्मा राहत सामग्री वितरित कर हर संभव सहायता का दिया भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई। उरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुसमिलिया, सिमरिया और टिकर में हाल ही में लगी भीषण आग से प्रभावित परिवारों के बीच सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा पहुंचे और पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित कर उनका हालचाल जाना। विधायक ने गांव-गांव जाकर आग से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में शासन और प्रशासन और आपका विधायक उनके साथ खड़ा है तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व उरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुसमिलिया, सिमरिया और टिकर में आग लगने की घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया था। आग की चपेट में आने से कुसमिलिया में 18, सिमरिया में 3 तथा टिकर में 2 परिवारों के मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए थे। इन परिवारों के घरों में रखा घरेलू सामान, खाद्यान्न, कपड़े, बर्तन तथा दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं भी आग में नष्ट हो गई थीं। अचानक आई इस आपदा से प्रभावित परिवारों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया था। घटना के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई थी। साथ ही प्रत्येक पीड़ित परिवार को 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया था। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को आवास आवंटित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी ताकि प्रभावित लोगों को शीघ्र स्थायी राहत मिल सके। घटना के समय सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा विधानसभा क्षेत्र से बाहर सरकारी कार्यों में व्यस्त थे। क्षेत्र में लौटने के बाद उन्होंने सबसे पहले आग प्रभावित गांवों का दौरा करने का निर्णय लिया। विधायक सीधे पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा भरोसा दिलाया कि उनके नुकसान की भरपाई के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने पीड़ित परिवारों को खाद्यान्न, राशन, दैनिक उपयोग की सामग्री, महिलाओं को साड़ियां तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं। राहत सामग्री पाकर पीड़ित परिवारों ने राहत महसूस की और विधायक का आभार व्यक्त किया। कई परिवारों ने बताया कि आग में उनके पास बचा ही कुछ नहीं था और ऐसे समय में मिली सहायता उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान विधायक गौरी शंकर वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आग से हुए नुकसान का निष्पक्ष और सही आकलन किया जाए ताकि किसी भी पात्र परिवार को सहायता से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन परिवारों को अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता है उनकी सूची तैयार कर शासन को भेजी जाए। विधायक ने गांव के जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों से भी बातचीत की। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों में रहने वाले बच्चों की सूची तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराई जाए। विधायक ने कहा कि आग से प्रभावित परिवारों के बच्चों के लिए कपड़ों की व्यवस्था भी कराई जाएगी ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए भी प्रयास किए जाएंगे। गांववासियों ने विधायक के इस संवेदनशील व्यवहार की सराहना की। लोगों का कहना था कि जनप्रतिनिधि का स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ितों का हाल जानना और सहायता उपलब्ध कराना उनके लिए बड़ी राहत है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विधायक के हस्तक्षेप से उन्हें और अधिक सहायता प्राप्त होगी तथा उनके नुकसान की भरपाई हो सकेगी।
*टिकर जाते समय सड़क पर खड़े ओवरलोड ट्रकों को देखकर नाराज हुए विधायक*
आग प्रभावित गांव टिकर का दौरा करने के दौरान सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने ऐर से टिकर मार्ग पर बड़ी संख्या में खड़े बालू से भरे ओवरलोड ट्रकों को देखकर नाराजगी जताई। बताया जाता है कि सड़क किनारे और मार्ग पर लगभग सौ से अधिक ट्रक खड़े मिले जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। जब विधायक टिकर गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि बालू से लदे ट्रकों के कारण सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। ट्रकों से गिरने वाली बालू,मिट्टी और उससे बहने वाले पानी के कारण सड़क पर कीचड़ जमा रहता है जिससे पैदल चलना और वाहनों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि रात होते ही ट्रकों की लंबी कतारें लग जाती हैं जिसके कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि ग्रामीणों को गांव से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। लोगों ने कहा कि यदि रात में किसी की तबीयत खराब हो जाए तो उसे अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार रात में लगने वाला जाम सुबह 10 से 11 बजे तक खुलता है। ऐसे में मरीजों,छात्रों और कामकाजी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।
*पीडब्ल्यूडी, एसडीएम सदर और खनन विभाग को दिए निर्देश समस्या समाधान का आश्वासन*
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद विधायक गौरी शंकर वर्मा ने तत्काल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), एसडीएम सदर तथा खनन विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों की समस्याओं को रखते हुए नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि किसी भी स्थिति में आम जनता की सुविधा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े ट्रकों के कारण यदि ग्रामीणों को परेशानी हो रही है तो संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सड़क की स्थिति सुधारने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा ओवरलोड वाहनों के संचालन पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों और खनन गतिविधियों के नाम पर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आग पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरण और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर विधायक की सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही। प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और उन्हें राहत मिलेगी।


