अमरोहा
साइबर सुरक्षा इंटर्नशिप प्रोग्राम में 22 राज्यों के छात्र शामिल
अमरोहा एसपी ने दी साइबर क्राइम से बचने की जानकारी, डिजिटल प्रहरी बनने की दी प्रेरणा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : साइबर सिक्योरिटी इंटर्नशिप प्रोग्राम 2025 के तहत एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के 22 राज्यों से छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
एसपी अमित कुमार आनंद ने कार्यक्रम में साइबर अपराध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आम लोग किस तरह साइबर ठगी का शिकार होते हैं। फर्जी कॉल, लिंक और ओटीपी के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से समझाया
एसपी ने साइबर सुरक्षा के लिए कई उपयोगी सुझाव दिए। इनमें दो-स्तरीय सत्यापन का उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाना और संदिग्ध लिंक से दूर रहना शामिल है। छात्रों को साइबर अपराध की रिपोर्टिंग कैसे करें, इसकी भी जानकारी दी गई। साइबर सेल की कार्यप्रणाली और डिजिटल ट्रेसिंग की तकनीकों से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल सुरक्षा के लिए तैयार करना था। एसपी ने छात्रों से ‘डिजिटल प्रहरी’ बनकर समाज में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों को रोकने के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ जागरूकता भी जरूरी है।



