नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की आर्य नगर कॉलोनी में कल वीडियो गेम खेलने के दौरान हुए विवाद में हुई फैजान की हत्या के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य पुत्र गजेंद्र और नवीन पुत्र राजीव उर्फ राजू, निवासी नाई पुरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि कल वीडियो गेम खेलने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद आरोपियों ने फैजान पुत्र रमजान पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि जब घटना के तुरंत बाद ही आरोपियों के नाम सामने आ गए थे और वह घर पर ही थे, तो उनकी गिरफ्तारी उसी समय क्यों नहीं की गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और अब दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।