एक बार फिर जंग का अखाडा बना प्रयाग हॉस्पिटल…
मामूली बात पर मरीज के परिजनों को जमकर पीटा गया....

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – हापुड़ का प्रयाग हॉस्पिटल एक बार फिर जंग का अखाडा बन गया । हॉस्पिटल की वाहन पार्किंग के कर्मचारियों ने मरीज के परिजनों से जमकर मारपीट कर दी । मरीजों क़े परिवार वालो को लोहे की रॉड , ईंट आदि से जमकर पीटने का परिजनों ने आरोप लगाया है । पार्किंग में खड़े स्कूटी की पर्ची को लेकर विवाद होने के बाद हॉस्पिटल की वाहन पार्किंग के आधा दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने मरीज के परिजनों को लोहे की रॉड , डंडे और ईंटों से जमकर पीटा । इस दौरान मरीज के परिजन जान बचाने के लिए भागे तो हॉस्पिटल कर्मचारियों ने उन्हें सड़क पर दौड़ा दौड़ाकर खूब पीटा । मारपीट क़े बाद पीड़ितों क़े काफी चोट आई है । अपने बुजुर्ग मरीज का अस्पताल मे इलाज कराने परिवार आया हुआ था । मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जाँच पड़ताल मे जुट गई है ।
जनपद हापुड के थाना देहात क्षेत्र क़े प्रयाग हॉस्पिटल का मामला ।
जानकारी के अनुसार , हापुड़ के प्रयाग अस्पताल की पार्किंग में एक मरीज के परिजन की स्कूटी की पार्किंग पर्ची को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया गया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है । इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया ।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में एडमिट एक मरीज के परिजन युवक अपनी गाड़ी पार्क करने के संबंध में पार्किंग संचालक से बात कर रहा था कि इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी, मामला जल्द हाथापाई में बदल गया ।इसी बीच अस्पताल की पार्किंग के संचालक ने अपने कुछ साथियों को भी मौके पर बुला लिया और फिर इसके बाद सभी ने मिलकर युवक को घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला कर दिया। इस अचानक हुई मारपीट से अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया । मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल युवक को हमलावरों से बचाया । घटना की सूचना मिलते ही हापुड देहात थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पार्किंग विवाद में मारपीट की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराई है । पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।



