गुरु पूर्णिमा पर हरि बाबा प्रेम धाम आश्रम, केल में विशाल भंडारे का भव्य आयोजन।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गुन्नौर। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पावन अवसर पर ग्राम केल स्थित हरि बाबा प्रेम धाम आश्रम में विशाल भंडारे का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और गुरु महिमा का अनुपम वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान संत शिरोमणि नागा बाबा 108 विजय आनंद गिरि जी महाराज ने अपने पूज्य चाचा गुरु श्री दिनेश गिरी गोस्वामी जी महाराज को श्रद्धा,सम्मान एवं गुरु भक्ति के प्रतीक स्वरूप सोने की अंगूठी पहनाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भावपूर्ण दृश्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर संत विजय आनंद गिरि जी महाराज,ने अपने इस कार्य से यह संदेश दिया कि संत केवल समाज से दान ग्रहण ही नहीं करते, बल्कि त्याग, सेवा और उदारता की सर्वोच्च परंपरा का स्वयं भी पालन करते हैं। उनका यह प्रेरणादायक भाव सभी श्रद्धालुओं के लिए आस्था और सेवा का अनुपम उदाहरण बन गया। सम्पूर्ण आयोजन भजन कीर्तन, गुरु वंदना, सेवा भाव एवं आध्यात्मिक उल्लास से ओत-प्रोत रहा। श्रद्धालुओं ने गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य माना तथा आयोजन की भव्यता और अनुशासित व्यवस्था की मुक्त कंठ से सराहना की। इस आयोजन में जयवीर सिंह, उदयवीर सिंह,रामवीर सिंह, कुमारी मीरा देवी, जयपाल सिंह, रमेश चंद्र, किताब सिंह फौजी, उमाशंकर, सोमवीर सिंह नेताजी, जगत सिंह, ऋषिपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, सोरन सिंह, शीशपाल सिंह, नाथू सिंह,जयवीर सिंह,और पाल सिंह दानवीर सिंह,नेम सिंह मास्टर, बलबीर सिंह,भाव सिंह, कौशल नीरज शर्मा, आदि ग्रामीणों ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया।




