शहरकोल पंचायत सचिवालय बना मॉडल, अधिकारियों ने किया अध्ययन भ्रमण
Shaharkol Panchayat Secretariat becomes a model, officials conduct study tour

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले में पंचायती राज व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत उपायुक्त के निर्देशानुसार विशेष अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह भ्रमण जिला परियोजना प्रबंधक (ई-पंचायत) के नेतृत्व में सदर प्रखंड अंतर्गत शहरकोल पंचायत सचिवालय में संपन्न हुआ। इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य पंचायत में विकसित उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे और सचिवालय सुदृढ़ीकरण के मॉडल को समझना तथा इसे जिले की अन्य पंचायतों में लागू करने की दिशा में पहल करना था। भ्रमण दल में विभिन्न प्रखंडों के पंचायत राज पदाधिकारी, समन्वयक, तकनीकी विशेषज्ञ एवं अन्य कर्मी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने पंचायत सचिवालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। पंचायत ज्ञान केंद्र, मैया कक्ष, ऊर्जा कक्ष, दिव्यांगजनों के लिए CWSN टॉयलेट, रैंप, हेल्प डेस्क एवं VLE कक्ष जैसी सुविधाओं को आदर्श मॉडल के रूप में सराहा गया। साथ ही पदाधिकारियों के कक्षों में फाइलों के सुव्यवस्थित रखरखाव और बेहतर कार्य वातावरण की भी प्रशंसा की गई। अधिकारियों ने पाया कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी योजना के समन्वय से सचिवालय को ‘कॉर्पोरेट ऑफिस’ की तर्ज पर विकसित किया गया है, जिससे ग्रामीणों को त्वरित और बेहतर सेवाएं मिल रही हैं। कनीय अभियंताओं ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का आकलन किया, जबकि लेखा कर्मियों ने ऑनलाइन डाटा प्रबंधन की प्रक्रिया को समझा। अधिकारियों ने शहरकोल पंचायत को जिले ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि यहां विकसित मॉडल को अन्य पंचायतों में भी लागू किया जाएगा, जिससे ग्रामीण प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।



