ललितपुर
साइबर अपराध से बचाव को लेकर जखौरा पुलिस का जागरूकता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना जखौरा की साइबर क्राइम सेल द्वारा साइबर क्राइम जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नागरिकों को साइबर बुलिंग, स्टॉकिंग, फिशिंग, स्लेबरी और आइडेंटिटी थेफ्ट जैसेसाइबर अपराधोंके तरीकों से अवगत कराते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। साथ ही डीप फेक, एआई आधारित ठगी और तथाकथित डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर फ्रॉड के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, केवल प्ले स्टोर या आईओएस जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही एप डाउनलोड करें। बैंकिंग से जुड़ी जानकारी या ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को साझा न करें। सोशल मीडिया का उपयोग सतर्कता से करें, बिना पुष्टि किसी पोस्ट को शेयर न करें और अनजान लोगों की फे्रण्ड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। सभी डिजिटल खातों में मजबूत पासवर्ड और टू-स्टेप ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रूप से ऑन रखने की सलाह दी गई। साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने, एनसीसीआरपी पोर्टल अथवा बेवसाइड पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि समय पर सूचना मिलने से साइबर क्राइम के गोल्डन ऑवर में कार्रवाई कर वित्तीय नुकसान को रोका जा सकता है। समस्या होने पर निकटतम थाने या डायल-112 पर सूचना देने का भी आग्रह किया गया।



