मेरठ
मोहद्दीनपुर शुगर मिल मेंटेनेंस ठेके को लेकर ठेकेदार और जीएम आमने-सामने
तनख्वाह न मिलने पर कर्मचारियों का हंगामा, काम बंद करने की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मोहद्दीनपुर शुगर मिल एक बार फिर विवादों में है। बुधवार को मेंटेनेंस कार्य में लगे सैकड़ों कर्मचारियों ने सैलरी न मिलने पर मिल के जीएम राजेश वर्मा का घेराव किया और काम बंद करने की चेतावनी दी।
जानकारी के मुताबिक, शुगर मिल के मेंटेनेंस का ठेका करीब डेढ़ साल पहले टेंडर प्रक्रिया के तहत कैशटैक कंपनी को दिया गया था। कंपनी ने पिछले वर्ष मेंटेनेंस कार्य कर मिल को चलाया था। इस वर्ष भी लगभग 70 फीसदी काम पूरा किया जा चुका है।
कर्मचारियों का आरोप है कि नए जीएम राजेश वर्मा का कैशटैक कंपनी के अधिकारियों से तालमेल नहीं बन रहा। उन्होंने एग्रीमेंट की शर्तों को दरकिनार कर अपने परिचितों की दूसरी कंपनी के मजदूरों और सुपरविजन स्टाफ को काम पर लगा दिया है। साथ ही, पहले से कार्यरत कर्मचारियों की तनख्वाह भी रोक दी गई है।
इस पर नाराज़ कर्मचारियों ने जीएम का घेराव कर साफ चेतावनी दी कि यदि उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया गया और दूसरी कंपनी को हटाया नहीं गया, तो वे शुगर मिल का काम पूरी तरह बंद कर देंगे। कर्मचारियों का कहना है कि बिना किसी नोटिस और कानूनी प्रक्रिया के दूसरी कंपनी को बुलाया गया है, जिससे कामकाज बाधित हो रहा है और आगामी गन्ना पेराई सत्र भी प्रभावित हो सकता है।
सूत्रों का कहना है कि जीएम के ब्लैकलिस्टेड कंपनी इन्वेंटिव के अधिकारियों से नजदीकी संबंध हैं और इसी वजह से उन्हें मिल में काम दिलाने की कोशिश की जा रही है।


