
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जल महोत्सव पखवाड़ा का सफल समापन
गोड्डा : विश्व जल दिवस के अवसर पर गोड्डा स्थित विरासत कॉम्पलेक्स में जिला स्तरीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के साथ ही 08 मार्च से 22 मार्च तक चल रहे जल महोत्सव पखवाड़ा का समापन भी हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव, पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार शर्मा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका बास्की सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।अपने संबोधन में उपायुक्त अंजली यादव ने कहा कि जल महोत्सव पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य लोगों को जल के महत्व और इसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जल की बर्बादी रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहियाओं को प्रमाण-पत्र, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका बास्की ने बताया कि सभी पंचायतों में ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों का गठन एवं पुनर्गठन किया जा रहा है। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत समितियों के बैंक खाते खोलकर जल शुल्क संग्रह की प्रक्रिया को भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने जल की बचत और शुद्ध जल के उपयोग पर विशेष जोर दिया। वहीं कार्यपालक अभियंता संजय कुमार शर्मा ने कहा कि “जल ही जीवन का आधार है। यदि हम आज पानी नहीं बचाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा।” उन्होंने सभी नागरिकों से जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान FTK किट के माध्यम से जल जांच का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही कुछ जलसहियाओं ने अपने अनुभव साझा कर ग्रामीण स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जलसहिया, पोषण सखी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




