शामली
बीएसएम स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता रैली निकालकर दिया जागरूकता का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के बीएसएम स्कूल में शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान, पोस्टर निर्माण, चित्रकला प्रतियोगिता और जागरूकता रैली के माध्यम से स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की मैनेजर छाया सिंह, चेयरमैन सूर्यवीर सिंह, डायरेक्टर अंकित गुप्ता और उपप्रधानाचार्या आशु पंडित ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया। दीप प्रज्वलित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शिक्षकों ने उनके जीवन और आदर्शों को याद किया।
विद्यार्थियों ने स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। पोस्टर निर्माण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित आकर्षक चित्र बनाए।
इसके बाद विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। हाथों में स्वच्छता और राष्ट्रसेवा से संबंधित पोस्टर लेकर उन्होंने लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया।


