खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हजारीबाग उपायुक्त एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग,डाॅ०शशि जायसवाल के निर्देशानुसार मंगलवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग, मो० मंजर हुसैन द्वारा हजारीबाग क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रपुरी चौक के समीप स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में अपना जायका मसाला स्टोर में पंजीकरण पाया गया। वहीं यश जायसवाल के किराना स्टोर से लगभग दो कैरेट एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स पाई गई, जिसे मौके पर ही खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा नष्ट कराया गया। उक्त प्रतिष्ठान में वैध लाइसेंस/पंजीकरण भी नहीं पाया गया।
इसके अतिरिक्त उमेश कुमार, पिता–प्रेमचंद साहू के मिल में बिना एफ.एस.एस.ए.आई.(FSSAI) लाइसेंस/पंजीकरण के बेसन पिसाई कर उसे क्षिप्रा सुपर फाइन चना बेसन के रैपर में पैक कर अपने ही किराना स्टोर में विक्रय किया जा रहा था। पैकिंग पर अंकित विवरण के अनुसार निर्माता Airawat Food Industries, Industrial Area, Opposite Ram Marble, Dewas Road, Ujjain (MP) एवं एफ.एस.एस.ए.आई. लाइसेंस संख्या 11420730000158 अंकित पाया गया। इस संबंध में विधिवत नमूना संग्रहण किया गया। साथ ही भारत बेकरी, गुरु गोविंद सिंह रोड से मेघा दूध का भी नमूना संग्रहित किया गया। संग्रहित सभी नमूनों को जाँच हेतु राज्य खाद्य जाँच प्रयोगशाला,नामकुम भेजा गया है। उक्त मामलों में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।




