
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : थाना सैदनगली क्षेत्र में संभल मार्ग पर एक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान सैदनगली के मोहल्ला कुरेशियान निवासी आलम के रूप में हुई है। घटना बुधवार शाम की है। आलम अपने साथी अनस के साथ बाइक पर सैदनगली से हसनपुर जा रहा था। मोहल्ला सलीम नगर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में आलम की मौके पर ही मौत हो गई। अनस को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही सैदनगली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों ने बताया कि आलम पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। वह आम के बागों में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। थानाध्यक्ष विकास शहरावत के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



