खैरथल
सदियों पुरानी परंपरा के साथ हरसौली में हुआ होलिका दहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। जिले के हरसौली गांव में फाल्गुन पूर्णिमा की पावन रात्रि पर आपसी प्रेम, सद्भावना और पारंपरिक विधान के साथ होलिका दहन का आयोजन किया गया। गांववासियों ने सदियों से चली आ रही इस परंपरा को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाते हुए सामाजिक एकता का परिचय दिया। होलिका दहन वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। आयोजन स्थल पर सभी समुदायों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और भाईचारे का संदेश दिया।
डेढ़ बजे शुभ मुहूर्त में हुआ दहन
निर्धारित समयानुसार फाल्गुन पूर्णिमा की रात्रि डेढ़ बजे शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। ग्रामीणों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर अग्नि प्रज्वलित की। इस दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हरसौली सहित क्षेत्रभर में होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की जीत और अटूट आस्था का प्रतीक माना जाता है। गांव में यह परंपरा वर्षों से निरंतर चली आ रही है, जो सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखे हुए है। तहसील स्तर के हरसोली गांव मे आज भी पूरे गांव की एक ही होली बनाई जाती है यह प्रशंसनीय है जहां आज कस्बों मे गली-गली मे होली दहन होता है एक ही होली पूरे गांव की होना बड़ी बात है।


