बारिश में धंसी मिट्टी, सोनबाद में भारी ट्रक फंसा, चालक और खलासी फरार, पुरानी बैटरियों की वैधता पर उठे सवाल, जामताड़ा थाना में सूचना, जांच शुरू
Soil caved in due to rain, heavy truck got stuck in Sonbad, driver and helper absconded, questions raised on the validity of old batteries, information given to Jamtara police station, investigation started

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। बीते बुधवार देर रात करीब 11:00 बजे जामताड़ा से पोखरिया मोड़ जाने वाली सड़क पर सोनबाद के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां निर्माणाधीन पुलिया के पास अस्थायी रूप से मिट्टी भरकर सड़क बनाई गई थी, लेकिन बीते तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो गई और वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया। इसी दौरान ट्रक संख्या AP 27 TZ 2149, जिसमें भारी मात्रा में पुरानी बैटरियां लदी थी, जब उस अस्थायी रास्ते से गुजर रहा था, तो ट्रक चालक ने सामने गड्ढा देख साइड से गाड़ी निकालने की कोशिश की। मिट्टी कमजोर होने के कारण ट्रक एक ओर धंस गया और वहीं फंस गया। हालांकि गाड़ी पलटी नहीं, लेकिन स्थिति गंभीर हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गये। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना जामताड़ा थाना को दी। अब सवाल यह उठ रहा है कि ट्रक में लदी पुरानी बैटरियों का परिवहन वैध था या अवैध? इस संबंध में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी भी अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन पुलिया का काम लंबे समय से अधूरा है और प्रशासन द्वारा मिट्टी भरकर अस्थायी रास्ता बनाया गया था, जो बारिश में पूरी तरह असुरक्षित हो गया है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पुलिया निर्माण कार्य पूरा कराया जाए और जब तक यह कार्य पूरा न हो, तब तक सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए।



