विद्यासागर रेलवे स्टेशन के बाहर चंद मिनटों में बाइक चोरी, पीड़ित परिवार में मचा हड़कंप
Bike stolen from Vidyasagar railway station within minutes, causing panic among victim's family

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत विद्यासागर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गेट के बाहर रविवार को दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने लोगों को चौंका दिया। रानीटांड़ निवासी कालेश्वर मरांडी अपनी रिश्तेदार पार्वती हांसदा को रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचे थे। स्टेशन के मुख्य गेट के बाहर उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (नंबर JH 21G 5057) खड़ी की और टिकट कटवाने के लिए अंदर चले गए। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद जब वे बाहर लौटे, तो बाइक गायब देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं पीड़ित पार्वती हांसदा की मां बीच बाजार में फफक-फफककर रोने लगीं। उन्होंने कहा कि वे गरीब परिवार से आते हैं और बड़ी मुश्किल से मेहनत कर यह बाइक खरीदी गई थी, जिसे चोरों ने दिनदहाड़े ही उड़ा लिया। पीड़िता के दर्द भरे शब्द सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी आक्रोशित हो उठे और भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्टेशन के आसपास बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था न के बराबर है। पीड़ित कालेश्वर मरांडी ने तत्काल कर्माटांड़ थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू करने की बात कही है। दिनदहाड़े रेलवे स्टेशन के बाहर हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से गश्ती बढ़ाने और एंटी-चोरी अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं।


