गोड्डा
डीसी ने ठाकुरगंगटी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण
कहा - कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बच्चियों को पोषक आहार कराया जाए उपलब्ध।

– नवनिर्मित नेचर्स पार्क ठाकुरगंगटी को पर्यटन के क्षेत्र में किया जाए विकसित।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : उपायुक्त अंजली यादव के द्वारा गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी प्रखंड अंतर्गत कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय, ठाकुरगंगटी, हरीदेवी रेफरल अस्पताल ठाकुरगंगटी, नेचर्स पार्क ठाकुरगंगटी, झारक्राफट बिल्डिंग भगैया ठाकुरगंगटी, खरहरी मंदिर, प्राथमिक पशु चिकित्सालय ठाकुरगंगटी, प्रखंड कार्यालय/अंचल कार्यालय ठाकुरगंगटी का निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त के द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ठाकुरगंगटी में अलग-अलग कक्षा के अलावा साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, भोजनालय एवं विद्यालय में तैयार हुए भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई साथ ही साथ विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रबंधन को निदेशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के द्वारा अलग-अलग कक्षाओं में अध्यनरत छात्राओं से गणित एवं सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछ कर उनके योग्यता की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त के द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ठाकुरगंगटी स्कूल परिसर का साफ सफाई , गर्ल्स हॉस्टल में बिखरे पड़े किताबों को सुव्यवस्थित तरीके से अलमारी में सखने, पेयजल, बिजली एवंं शौचालय के समुचित प्रबंध करने, शिक्षकों के द्वारा समय पर कक्षा बार विषयगत अध्ययन कराने, मेनू के अनुसार गुणवत्ता पूर्ण भोजन उपलब्ध कराने एवंं स्कूल की चार दिवारी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के द्वारा हरीदेवी रेफरल अस्पताल ठाकुर गंगटी का निरीक्षण कर उपस्थित प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मियों को ओपीडी, प्रसव कक्ष, जननी सुरक्षा योजना का लाभ, आयुष्मान कार्ड, डॉक्टर कक्ष, जांच घर, स्वास्थ्य उपकरणों की स्थिति, दवा की उपलब्धता, दवा स्टॉक में भिन्नता, कोल्ड चैन की स्थिति, स्वास्थ्य केंद्र भवन परिसर की साफ-सफाई, एएनएम की संख्या, डॉक्टर आवास परिसर की जांच की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मानव संसाधन का पूर्ण उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने एमओआईसी, ठाकुरगंगटी को सख्त निर्देश दिया कि अस्पताल ससमय संचालित किए जाएं एवं प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी समय पर अस्पताल में अपनी उपस्थिति दर्ज करें।
उन्होंने प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, प्रसव दर सहित अस्पताल में भर्ती हुए मरीजों को वेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने को लेकर एक एम्बुलेंस ठाकुरगंगटी को देने का निर्णय लिया गया।उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में किसी भी मादक पदार्थों का सेवन ना किए जाएं। निरीक्षण के क्रम में नेचर्स पार्क, ठाकुरगंगटी का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों की जांच की गई उन्होंने कहा कि इसे पर्यटन के क्षेत्र हेतु और भी विकसित किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्क की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त के द्वारा झारक्राफ्ट भगैया में सिल्क साड़ी सहित अन्य उत्पादों का निरीक्षण कर बताया गया कि झारक्राफ्ट का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कला और शिल्प को पुनर्जीवित करना और ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाना है। भगैया में, झारक्राफ्ट बुनकरों को आधुनिक डिजाइन और तकनीक सिखाता है, जिससे वे अपने उत्पादों को बेहतर बना सकें और बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकें। इसके अतिरिक्त, झारक्राफ्ट एक मजबूत विपणन नेटवर्क स्थापित करने में भी मदद करता है ताकि बुनकरों को उनके उत्पादों के लिए उचित मूल्य मिल सके। संबंधित अधिकारियों को उन्होंने बंद पड़े मशीनों की देखरेख करने सहित कोकून की जांच करते हुए पैदावार में वृद्धि लाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त के द्वारा ठाकुरगंगटी प्रखंड अंतर्गत मानिकपुर पंचायत स्थित मोपहाड़ी क्षेत्र के चोटी पर बने मां खरहरी का मंदिर का निरीक्षण कर बेहतर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
स्थानीय जनप्रतिनिधि के द्वारा बताया गया कि इस पहाड़ी पर लोग शादी समारोह तथा नये साल में यहां आकर पिकनिक का आनंद उठाते हैं। पहाडी पर हजारों की संख्या में जेट्रोफा का पौधा लगा है जो आकर्षण का केंद्र बना है। उपायुक्त के द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए की इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु प्रस्ताव बनाकर संबंधित विभागों को भेजे जाएं।
निरीक्षण के क्रम में प्राथमिक पशु चिकित्सालय ठाकुरगंगटी का निरीक्षण कर उपस्थित जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉक्टर मनोज कुमार से प्राथमिक पशु चिकित्सालय ठाकुरगंगटी के भवन एवं पशुओं के हुए टीकाकरण के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई।
उन्होंने उपस्थित पशु चिकित्सक को क्षेत्र में नियमित रूप से पशुओं का टीकाकरण एवं क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में निर्माणाधीन प्रखंड कार्यालय/अंचल कार्यालय ठाकुरगंगटी का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी महागामा, आलोक वरण केसरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी ठाकुरगंगटी, अंचलाधिकारी ठाकुरगंगटी, वन विभाग के अधिकारी, झारक्राफ्ट के अधिकारीगण, एओआईसी ठाकुरगंगटी, डीएमएफटी की टीम सहित प्रखंड कर्मीगण मौजूद थे।




