मा. जिला न्यायाधीश, जिलाधिकारी व एसएसपी ने किया राजकीय संरक्षण संस्थानों का संयुक्त निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ | मा. जिला न्यायाधीश संजीव पांडे, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा द्वारा बुधवार को मेरठ स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, सूरजकुंड बाल गृह एवं राजकीय पश्चातवर्ती देखरेख संगठन, लालकुर्ती (नारी निकेतन) का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान माननीय जिला न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे किशोरों से संवाद करते हुए उनके खान-पान, चिकित्सा सुविधा, अदालत में पेशी आदि विषयों की जानकारी ली और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए।सूरजकुंड स्थित बाल गृह में भी दोनों अधिकारियों ने बच्चों से वार्ता कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य और भोजन की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही शिशु सदन का भी अवलोकन किया और व्यवस्था सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।राजकीय नारी निकेतन, लालकुर्ती के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहाँ रह रही बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुविधाओं, शिक्षा और देखभाल की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों को मिल रही सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं संस्थानों का स्टाफ उपस्थित रहा। अधिकारियों ने सभी संस्थानों में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यप्रणाली बनाए रखने पर जोर दिया।


