गोड्डा

पथरगामा मुख्य चौक स्थित शौचालय की हालत बदहाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो  
पथरगामा। पथरगामा मुख्य चौक पर स्थित एकमात्र सार्वजनिक शौचालय की स्थिति दिन-ब-दिन बदहाल होती जा रही है। शौचालय की टंकी टूट जाने के कारण आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैली रहती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने अविलंब एक नए व बड़े शौचालय के निर्माण की मांग की है। बताया जाता है कि इसी शौचालय के बगल से होकर चंडीचक एवं अंबा संग्राम गांव के लोगों का प्रतिदिन आना-जाना होता है। दुर्गंध के कारण राहगीरों को नाक दबाकर इस मार्ग से गुजरना पड़ता है। खासकर जब महिलाएं बाजार करने के लिए  आती-जाती हैं, तो उन्हें काफी परेशानी होती है। शौचालय के अंदर बैठने की व्यवस्था भी पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।फर्श भी धंस चुका है, जिससे लोगों को शौचालय का उपयोग करने में डर बना रहता है। पूरा शौचालय परिसर अत्यंत खराब अवस्था में पहुंच चुका है। पथरगामा मुख्य चौक के दुकानदारों एवं बस से आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसी शौचालय पर निर्भर रहना पड़ता है लेकिन बदहाल स्थिति के कारण अब लोग वहां जाने से कतराने लगे हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। गौरतलब है कि पथरगामा के प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम ने भी काफी दिनों पूर्व शौचालय का निरीक्षण किया था, लेकिन निरीक्षण के बाद भी अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेते हुए शौचालय की मरम्मत अथवा नए एवं बड़े सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button