स्मार्ट मीटर के विरोध में गुढ़ागौड़जी मार्केट बंद बिजली उपभोक्ता बोले यह आम आदमी का मुद्दा
गुढा थानाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन विधायक भगवानराम सैनी ने दिया समर्थन

नेशनल प्रेस टाइम,ब्यूरो
झुंझुनूं। स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बुधवार को गुढ़ागौड़जी और टोडी का सम्पूर्ण बाजार बंद रहा। स्मार्ट मीटर में अतिरिक्त बिलों और तकनीकी खामियों के चलते जनता में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। स्मार्ट मीटर हटाओ संघर्ष समिति के जिला संयोजक जेपी महला ने बताया कि स्मार्ट मीटर हटाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर बुधवार को गुढ़ागौड़जी बंद रहा। बंद को व्यापारी संगठनों, निजी स्कूल प्रबंधको ने कस्बे को बंद रखा। कस्बे के कई निजी शिक्षण संस्थान भी बंद रहे। बुधवार को कई निजी संस्थानों और व्यापारियों ने कार्य का बहिष्कार कर बाजार बंद रखा। उपभोक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर किसी भी राजनीतिक पार्टी का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि यह जनता का आंदोलन है। व्यापारी, किसान, मजदूर, स्कूल संचालक और हर वर्ग स्मार्ट मीटर की मनमानी से त्रस्त है। विक्रम महला ने बताया कि विधानसभा के हर गांव और कस्बे से लोगों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवाज उठाई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि इन मीटरों के लगने के बाद बिल कई गुना बढ़ जाएगा। चार्ज हर महीने बिना किसी आधार के बढ़ता जाएगा। मीटर की खराब तकनीक के कारण उपभोक्ताओं को बिजली गुल होने और रीचार्ज के झंझट का सामना करना पड़ेगा। जिस तरह से बिजली विभाग ने यह मीटर लगाने की प्रक्रिया अपनाई उसमें पारदर्शिता नहीं थी। लोगों से सहमति लिए बिना जबरन मीटर लगाए जा रहे हैं। अब आम उपभोक्ता हर महीने महंगे बिजली बिल और प्रीपेड सिस्टम की मार झेलने पर मजबूर हो जाएंगे।



