जनता दरबार में उठीं 40 से अधिक शिकायतें, उपायुक्त ने दिये कार्रवाई के निर्देश
More than 40 complaints were raised in the public court, Deputy Commissioner gave instructions for action

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त सह- जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। जिले के दूरदराज इलाकों से पहुंचे आमजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर उपायुक्त से गुहार लगाई। जनता दरबार में ज़मीन बंटवारा, बिजली बिल सुधार, अबुआ आवास योजना, जल जमाव, मनरेगा वेटिंग लिस्ट, डीवीसी विस्थापन, राशन कार्ड में नाम जोड़ना, फर्जी दस्तावेज पर मकान निर्माण, प्रमाण पत्र निर्गत जैसे लगभग 40 से अधिक मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को 24 घंटे के भीतर जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दरबार के बाद समाहरणालय पोर्टिको में एक दिव्यांग युवक ने उपायुक्त से रोते हुए अपनी समस्या साझा की। उसने बताया कि बैंक में केसीसी ऋण की लिमिट बढ़ाने को लेकर उसे जानकारी नहीं मिल रही है। उपायुक्त ने उसका आवेदन लेकर व्हाट्सएप पर शिकायत भेजने को कहा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने जानकारी दी कि प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है, ताकि लोग अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अपर समाहर्त्ता पूनम कच्छप समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


