धौलाना तहसील परिसर का डीएम अभिषेक पांडे ने किया औचक निरीक्षण।
प्राइवेट और बाहरी कर्मचारी तहसील परिसर छोड़ भागे।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
हापुड। जनपद के धौलाना तहसील मे डीएम अभिषेक पांडे ने तहसील परिसर का औचक निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने तहसील धौलाना के परिसर में गंदगी को देखकर नाराजगी दिखाई । डीएम के आने की जानकारी मिलते ही तहसील और रजिस्ट्री कार्यालय में दलाली खाने वाले बाहरी आएजेंट और लेखपालों द्वारा रखे गए प्राइवेट कर्मी तहसील परिसर से नदारद हो गए ।
डी एम अभिषेक पांडे ने एसडीएम और तहसीलदारों के राजस्व न्यायालयों के दस्तावेजों का निरीक्षण करते हुए कहा कि कोई भी राजस्व वाद एक साल से अधिक लंबित न रखा जाए एवं तीन साल पुराने सभी मुकदमों को तीन माह के अंदर अभियान चलाकर निस्तारित कर दिया जाना चाहिए । जिलाधिकारी ने तहसील में व्याप्त गंदगी को देखकर नाराजगी जताते हुए परिसर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी ।
फरियादियों की शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि आम आदमी को राजस्व न्यायालयों से न्याय मिले एवं किसी को भी परेशानी ना हो। इस दौरान तहसीलदार प्रवेश कुमार, नायब तहसीलदार दिव्यांशी सिंह, नायब तहसीलदार अमरपाल सिंह , पुष्पेंद्र कुमार समेत अन्य सभी अधिकारी और कर्मचारी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।



