गोड्डा
रेलवे में नौकरी का झांसा देकर ठगी, फर्जी प्रशिक्षण केंद्र चलाने वाला युवक गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिले में आईआरसीटीसी में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। दल द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा था। छापामारी और अनुसंधान के क्रम में दिनांक 06.12.25 को प्राथमिक अभियुक्त राकेश रौशन (पिता–बालमुकुन्द झा, निवासी–महेशपुर, थाना बसंतराय, जिला गोड्डा) को ग्राम रूपियामा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। जबकि अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है। वहीं, एक छोटा की-पैड मोबाइल फोन, आईआरसीटीसी के नाम से फर्जी चेक लिस्ट, फर्जी एग्रीमेंट सहित अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए। पूरे मामले पर गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने बताया की गोड्डा नहर थाना क्षेत्र में आईआरसीटीसी कंपनी नाम के ऑफिस खोले हुए थे। जहां प्रशिक्षण और नौकरी के नाम पर पैसा लेकर धोखाधड़ी की जा रही थी। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने करीब 150 से 200 लोगों को प्रशिक्षण देने और IRCTC में नौकरी के नाम पर लोगों से पैसा लेकर धोखाधड़ी करते थे। जिसमें गोड्डा और कुछ दुमका के लोग भी धोखाधड़ी का शिकार हुए है। इनका बिहार में भी धोखाधड़ी करने का प्लान था। लेकिन उससे पहले पुलिस को सुचना मिली और इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।



