
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा :- शारदीय नवरात्र की नवमी के अवसर पर पथरगामा बड़ी दुर्गा मंदिर में पहली बार गंगा आरती के तर्ज पर संध्या आरती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। “जय मां दुर्गे” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। संध्या आरती के दौरान महिला श्रद्धालु मां की भक्ति में झूमती नजर आईं। बनारस से पधारे आचार्यों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया। इस आयोजन में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पथरगामा पुलिस प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए और यातायात को डायवर्ट कर दिया, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप भगत ने कहा कि पथरगामा में इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ है और इससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अनोखा वातावरण बना।




