बेतुल
बैतूल बीजेपी छोड़ युवाओं ने थामा आप का दामन, संगठन विस्तार को मिला बल
नेहरू पार्क में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सामाजिक न्याय का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आम आदमी पार्टी ने खंजनपुर स्थित सिल्वर स्टेट मैरिज लॉन में भव्य और गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें बाबा साहेब के आदर्शों को याद करते हुए संगठन विस्तार और सामाजिक प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश दिया गया। दोपहर 3 बजे शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से नेहरू पार्क पहुंचकर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सलैया से बीजेपी छोड़कर आए कई युवा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिली। इसके बाद सिल्वर स्टेट मैरिज लॉन में आयोजित मुख्य सत्र में संगठन के विस्तार और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए नए पदाधिकारियों का पुष्पहार से सम्मान किया गया। जिला अध्यक्ष विनोद जगताप और जिला संगठन मंत्री ईश्वरदास साबले ने अभिनंदन करते हुए कहा कि पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाना ही संगठन की प्राथमिकता है।
– डॉ. अंबेडकर के विचार एक बेहतर समाज के निर्माण का मार्ग
मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम जोन प्रभारी अजय सोनी और प्रदेश सचिव विजेंद्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, एक बेहतर समाज के निर्माण का मार्ग हैं, जिन्हें धरातल पर उतारना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के मूलमंत्र को अपनाने का आह्वान किया और समानता, शिक्षा तथा न्यायपूर्ण लोकतंत्र की स्थापना पर जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के प्रभारियों ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन किया।
– ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रदेश सचिव विजेंद्र चौहान, प्रदेश संयुक्त सचिव अधिवक्ता शंकर पेंदाम, प्रदेश संयुक्त सचिव अब्दुल अज़ीज़ खान, नर्मदापुरम जोन मीडिया कॉर्डिनेटर मुकेश गायकवाड़, समस्त कार्यकरता गण उपस्थित रहे




