बिजनौर
गंगा में नही होगा मूर्तियों का विसर्जन डीएम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने स्पष्ट करते हुए कहा कि गंगा नदी को किसी भी तरह से प्रदूषित करने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मूर्ति बनाने में प्रायः केमिकल युक्त मिट्टी एवं सामग्री का प्रयोग किया जाता है, जो पानी को प्रदूषित करते हैं और जलीय जीवन के लिए अति हानिकारक होते हैं। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गंगा में किसी भी प्रकार से मूर्ति का विसर्जन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मूर्ति विसर्जन के लिए जिला प्रशासन द्वारा अलग से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि गंगा किनारे अलग से एक बड़ा गद्दा खुदवा कर उसे गंगाजल से भरवाएं और उस स्थान का सौंदर्यकरण भी कराएं ताकि भक्तों द्वारा उसमें मूर्ति विसर्जन किया जा सके और गंगा सभी प्रकार के प्रदूषण से मुक्त एवं सुरक्षित रहे। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन करने अथवा किसी भी प्रकार से उसमें प्रदूषण फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियम अनुसार कार्यवाही की जाएगी।



